कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हो गया। गंगा बैराज के पास एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अचानक क्रैश कर जमीन पर गिर गया, जिससे उसमें सवार इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षण उड़ान पर निकला डबल इंजन वाला चार सीटर एयरक्राफ्ट उड़ान के दौरान अनियंत्रित होकर गंगा बैराज के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जमीन पर गिरते ही विमान के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव दल ने एयरक्राफ्ट के मलबे से दोनों शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों की मौत की पुष्टि करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतकों में एक प्रशिक्षक (इंस्ट्रक्टर) और एक ट्रेनी पायलट शामिल हैं। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। विमान दुर्घटना की जांच के लिए संबंधित एजेंसियों को सूचना दे दी गई है और तकनीकी विशेषज्ञ भी मौके पर पहुंच रहे हैं।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
