छतरपुर जिले की पड़रिया चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अतरार में जमीनी विवाद को लेकर एक दंपती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित नरेंद्र कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि रविवार देर रात गांव के आदित्य विश्वकर्मा अपने आधा दर्जन साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर उनके घर पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। इस दौरान उनकी पत्नी लक्ष्मी कुशवाहा के साथ भी मारपीट की गई।
पीड़ित के अनुसार शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना डायल-112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने घायल दंपती को जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया।
नरेंद्र कुशवाहा का आरोप है कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे आदित्य विश्वकर्मा 10 से 15 लोगों के साथ जिला अस्पताल पहुंच गया और वहां भी उन पर हमला करने का प्रयास किया। आरोप है कि छुरे से हमला करने की कोशिश की गई, लेकिन अस्पताल में मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अस्पताल परिसर में विवाद और हंगामे की स्थिति दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। अस्पताल जैसे संवेदनशील परिसर में हुए घटनाक्रम से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत पड़रिया चौकी पुलिस से की है। फिलहाल घायल दंपती का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह जमीन संबंधी मामला बताई जा रही है। पुलिस शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि और आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी
