छतरपुर । सटई थाना क्षेत्र के रोरा गांव के पास सोमवार सुबह करीब 5 बजे श्रद्धालुओं से भरी एक टैक्सी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में टैक्सी में सवार करीब एक दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए। सभी श्रद्धालु जटाशंकर धाम में दर्शन कर अपने गांव मोराहा लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार टैक्सी में करीब 13 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल छतरपुर पहुंचाया गया। अस्पताल में 9 घायलों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है, जबकि 4 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घायलों में प्रियंका पटेल (8), बबली यादव (34), रामबाई पटेल (45), कमलेश पाठक (48), दसोदा सेन (45), हरबाई पटेल (40), लड्डू पटेल (40), मायारानी पटेल (65) और तिसिया पटेल (70) शामिल हैं। सभी घायल सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम मोराहा के निवासी बताए गए हैं।
फिलहाल जिला अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है। हादसे के कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है
