सतना। जिले की होनहार बेटी वीणा प्यासी ने अपनी मेहनत, लगन और संघर्ष के दम पर एक और बड़ी सफलता हासिल कर प्रदेशभर में जिले का नाम रोशन किया है। ग्राम पंचायत तपा, रामपुर बाघेलान की निवासी वीणा प्यासी का चयन राज्य सेवा परीक्षा-2022 की प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) से उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) पद के लिए हुआ है। मध्य प्रदेश शासन के गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के बाद उनके चयन की आधिकारिक पुष्टि हुई।
वीणा प्यासी की सफलता का सफर लगातार उपलब्धियों से भरा रहा है। वर्ष 2019 में उनका चयन आबकारी उपनिरीक्षक के पद पर हुआ था। इसके बाद वर्ष 2022 में उन्होंने सहायक संचालक, शिक्षा विभाग के पद पर चयनित होकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। अब डीएसपी पद पर चयन के साथ उन्होंने लगातार तीसरी बड़ी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता दर्ज की है।
उनकी इस उपलब्धि से पूरे सतना जिले में खुशी का माहौल है। परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
वीणा प्यासी की सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेष रूप से बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरी है। उन्होंने साबित किया है कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।
