नौगांव/छतरपुर। नगर में सफाई मित्रों की छह दिन से जारी हड़ताल के बीच शनिवार को मुख्य बाजार में माहौल बिगाड़ने की कोशिश का मामला सामने आया। शरारती तत्वों ने सराफा बाजार, जैन मंदिर और साईं मंदिर के सामने मुर्गी के पंख, पंजे, बकरे की खाल सहित अन्य पशु अवशेष फेंक दिए। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात सराफा बाजार के व्यापारियों ने सफाई मित्रों की हड़ताल के चलते स्वयं बाजार में सफाई अभियान चलाया था। शनिवार सुबह मंदिरों के सामने पशु अवशेष मिलने पर व्यापारियों ने इसे शहर के सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई। विरोध स्वरूप करीब एक घंटे तक बाजार बंद रखा गया और प्रशासन को मौके पर बुलाने की मांग की गई।
सूचना मिलते ही तहसीलदार विजय चौधरी, नायब तहसीलदार प्रदीप सिंह लोधी सहित प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अमित मेश्राम और थाना प्रभारी संजय राय भारी पुलिस बल के साथ बाजार पहुंचे तथा व्यापारियों से चर्चा कर स्थिति को शांत कराया।
व्यापारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, बाजार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शरारती तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की तलाश जारी है। प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने तथा अफवाहों से बचने की अपील की है।
