छतरपुर। जिले के मातगुवा थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रहे एक 14 वर्षीय छात्र पर दो युवकों द्वारा कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल छात्र को जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4 बजे मालगुवा निवासी आकाश यादव (14), पिता पुष्पेंद्र यादव, मामौन स्थित शासकीय स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव के हर्ष राजपूत और अंकित राजपूत ने उसका रास्ता रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी।
परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने छात्र पर ईंट से हमला किया, लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा और उसका गला दबाने का भी प्रयास किया। मारपीट के दौरान आकाश बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल छात्र को पहले मातगुवा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में डॉ. रोशन द्विवेदी ने छात्र का उपचार किया। बाद में उसे ट्रॉमा वार्ड में भर्ती किया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार छात्र की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों का कहना है कि आकाश अभी बोलने की स्थिति में नहीं है, जिससे घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं, आरोपित युवकों के पिता ने बताया कि घटना के समय वे खेत पर थे और उन्हें इसकी जानकारी बाद में मिली।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घायल छात्र के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
