पन्ना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पन्ना जिले को 184.83 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन करने के साथ प्रदेश के 35 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से करीब 210 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक से हस्तांतरित की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पन्ना के प्रसिद्ध बृहस्पति कुंड में लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक ग्लास फ्लोर व्यू प्वाइंट का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह नया पर्यटन आकर्षण देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को पन्ना की ओर आकर्षित करेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।
शिक्षा के क्षेत्र में भी मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए गुन्नौर और पवई में 74 करोड़ रुपये की लागत से दो सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण का भूमि-पूजन किया। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने केन-बेतवा लिंक परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना बुंदेलखंड की तस्वीर बदल देगी। इससे सिंचाई का विस्तार होगा, किसानों की आय बढ़ेगी और वर्षों से पलायन की समस्या पर भी रोक लगेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परियोजना से प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति को सरकार उचित और पारदर्शी मुआवजा देगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का उद्देश्य सभी नागरिकों को समान अधिकार देना है, वहीं लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को हर माह आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि अगले वर्ष पन्ना मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पन्ना जिले के लिए कई अन्य घोषणाएं भी कीं। इनमें जुगलकिशोर मंदिर परिसर का विस्तार, महाराज छत्रसाल स्टेडियम का आधुनिकीकरण, बृजपुर में नया शासकीय महाविद्यालय तथा जिले में नई सड़कें और पुलों का निर्माण शामिल है।
कार्यक्रम में खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
