अशोकनगर जिले के शाढ़ौरा थाना क्षेत्र के ग्राम बामोरीताल में हुई लगभग 20 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया हैं। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। आरोपियों के कब्जे से करीब 12 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 80 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार,चोरी गए माल का अधिकांश हिस्सा बरामद कर लिया गया हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात से दो से तीन दिन पहले पन्नी और कबाड़ बीनने के बहाने गांव पहुंचे थे और इसी दौरान उन्होंने मकान की रेकी की थी। इसके बाद रात में घर के सूने कमरे का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर फरार हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन पारदी, बृजपाल पारदी उर्फ विराज उर्फ लुक्का पारदी और नीरज पारदी के रूप में हुई हैं। पूछताछ में तीनों ने अपने साथी रामकृष्ण पारदी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मंगलसूत्र, हार, अंगूठियां, झुमकियां, पायल, चांदी के सिक्के सहित चोरी गए आभूषण और नकदी बरामद कर ली है। हालांकि, मामले का एक आरोपी रामकृष्ण पारदी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
- पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को बामोरीताल निवासी महेंद्र सिंह पत्नी कृष्णाबाई रघुवंशी ने अपने घर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने इस वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा किया।
