डीग के पहाड़ी मार्ग पर गांव बौलखेडा के निकट एक कार की चपेट में आने से 4 भैंस व पाड़ा की मौत हो गई। वहीं इसी हादसे में एक बाइक सवार दम्पती भी घायल हो गए।
डीग जिले के पहाड़ी रोड स्थित बौलखेडा गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने सड़क पर जा रहे भैंसों के झुंड को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि चार भैंसों और एक पाड़ा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भैंस मालिक सहित कई लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, बौलखेडा निवासी रमन पुत्र मूलचंद अपनी भैंसों को खेत से चारा खिलाकर घर वापस ला रहे थे। इसी दौरान कामवन की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार मवेशियों से टकरा गई। हादसे में भैंस मालिक भी घायल हो गया।
वहीं, पहाड़ी क्षेत्र से कामवन के गांव लेवड़ा लौट रहे अली मोहम्मद और उनकी पत्नी साइरा भी हादसे की चपेट में आकर घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए कामवन के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भरतपुर रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में सवार पति-पत्नी हादसे के बाद वाहन में फंस गए थे। उनकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार का शीशा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने पहाड़ी रोड पर जाम लगा दिया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम खुलवाया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
