यूपी के महोबा में एक सरकारी विद्यालय का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें प्रधानाध्यापक क्लासरूम में लगी एलईडी में अश्लील गाने सुनते नजर आ रहे हैं।
यूपी के महोबा जिले के एक सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक ने स्मार्ट क्लास को ही मनोरंजन का अड्डा बना लिया। जिसका वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मास्टर साहब नशे में ज्ञान के मंदिर में ही एलईडी टीबी पर अश्लील गाना बजाकर बेंच पर लेट कर अपना मनोरंजन करते नजर आ रहे हैं, जबकि उनके पास में ही माचिस और अन्य सामान रखा नजर आ रहा है। ग्रामीणों की शिकायत पर बीएसए ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
महोबा जनपद के एक सरकारी विद्यालय का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो चरखारी विकास खंड के टिकरी गांव के प्राथमिक विद्यालय का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में स्कूल की स्मार्ट क्लासरूम में लगी एलईडी पर अश्लील भोजपुरी गाना चल रहा है, जबकि बेंच पर प्रधानाध्यापक नशे में धुत होकर अश्लील गाने का आनंद लेता हुआ नजर आ रहा है।
बीएसए से शिकायत
टिकरी के ग्रामीण सुनील सिंह, दीपक सिंह, संदीप कुमार, राघवेंद्र, उमाशंकर समेत अन्य ग्रामीणों ने बीएसए राहुल मिश्रा को शिकायती पत्र दिया, जिसमें बताया कि गांव के प्राथमिक विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापक रमेश चंद्र जिले के काली पहाड़ी गांव का निवासी है। आरोप है कि वह अक्सर नशे में धुत रहता है और बच्चों व अभिभावकों से अभद्र भाषा का प्रयोग कर बात करता है।
स्कूल में होती है पार्टी
ग्रामीणों के अनुसार, प्रधानाध्यापक स्कूल के ऑफिस में ही निवास बनाए हैं। हमेशा नशे में डूबे नजर आते हैं। स्कूल के अन्य शिक्षकों और गांव वालों से उधार रुपयों की मांग करता है, जिससे शिक्षण संस्था का नाम खराब होता है। आरोप है कि गांव के अराजकतत्वों के साथ रात के समय विद्यालय परिसर में ही शराब की पार्टी करता है। बताया कि स्कूल के समय केवल अंडर बियर और तौलिया में रहता है।
बीएसए ने किया निलंबित
जब गांव का कोई व्यक्ति प्रधानाध्यापक से कुछ भी कहता है तो दबंग मास्टर उसे हरिजन एक्ट लगवाने की धमकी देकर शांत करा देता है। हरकतों से तंग आकर ग्रामीणों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। बीएसए राहुल मिश्रा का कहना है कि मामले की जांच कराई गई। दोषी पाए जाने पर शिक्षक को निलंबित किया गया है। आगे की विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
