अलीगढ़ में रोडवेज बस में यात्रा के दौरान एक सुरक्षाकर्मी की बंदूक से गोली चल गई। इस हादसे में इलाज के दौरान सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई। वहीं, दूसरे फायर में एक पुलिसकर्मी और यात्री घायल हो गए।
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक रोडवेज बस के अंदर दर्दनाक हादसा हो गया। यहां मैनपुरी से दिल्ली जा रही एक रोडवेज बस में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बस में सवार एक सुरक्षा गार्ड के पास मौजूद बंदूक से अचानक फायर हो गया। बंदूक लेकर सफर कर रहे निजी सुरक्षा गार्ड इस फायरिंग की घटना में घायल हो गए, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
वहीं, दूसरे फायर में मौके पर पहुंचे पुलिस के एक हेड कांस्टेबल और बस के एक अन्य यात्री भी घायल हो गए। पुलिस ने सुरक्षा गार्ड की बंदूक को कब्जे में ले लिया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं अन्य दो घायलों का इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मैनपुरी से दिल्ली जा रही थी बस
मिली जानकारी के मुताबिक, थाना गभाना क्षेत्र में कल गुरुवार देर शाम को एक यूपी रोडवेज बस मैनपुरी से दिल्ली जा रही थी। इस दौरान बस में सवार जिला कासगंज के रहने वाले विनोद के पास रखी बंदूके से अचानक फायर हो गया। बंदूक की गोली विनोद के कंधे पर जा लगी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक गोली चलने की आवाज से बस में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर गभाना थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल सुरक्षा गार्ड को अस्पताल भिजवाया। इसी दौरान बंदूक से एक बार फिर ऐक्सिडेंटल फायर हो गया,जिसमे थाना गभाना में तैनात पुलिस कर्मी रविन्द्र और बस में मौजूद एक अन्य बस यात्री राजन घायल हो गए।
सुरक्षाकर्मी की इलाज के दौरान हुई मौत
बताया जा रहा कि गोली लगने से घायल सुरक्षा गार्ड विनोद की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल पुलिस कर्मी रविन्द्र और बस यात्री राजन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां दोनों खतरे से बाहर बताए जा रहे है। पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम में जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस बस में सवार अन्य यात्रियों और रोडवेज बस कर्मियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस मामले की जांच कर रही
घटना को लेकर एसपी सिटी आदित्य बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना गभाना इलाके में यूपी रोडवेज बस मैनपुरी से दिल्ली जा रही थी। उसके ड्राइवर द्वारा सूचना दी गई कि बस में सवार एक यात्री जिनका नाम विनोद पुत्र सौदान सिंह है,जो कासगंज जिले के रहने वाले है। जो अपने साथ एक असलाह लेकर जा रहे थे, उस असलहे से एक्सीडेंटल फायर हो गया है और उनके कंधे पर चोट आ गई है। वहीं बंदूक और कारतूस को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया गया है और मामले में वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
