दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश से तापमान में 8 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इस बारिश के साथ कई आफत भी आई हैं. राष्ट्रीय राजधानी के कई क्षेत्रों में जलभराव के चलते वाहनों के पहिए थम से गए हैं. वाहनों की धीमी रफ्तार के चलते जाम की स्थिति पैदा हो गई है. ट्रैफिक पुलिस के साथ ही नगर निगम की ओर से लोगों के लिए एडवायजरी जारी की गई है.
दिल्ली-NCR में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. गुरुवार तड़के हुई बारिश से राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया और पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली. हालांकि लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली, जिससे सुबह के समय यातायात प्रभावित हुआ. खासकर ऑफिस और स्कूल-कॉलेज जानेवालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए दिनभर भारी बारिश की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार राजधानी में अगले कुछ घंटों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. IMD का कहना है कि 10 जुलाई तक दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर वर्षा होने की संभावना है. वहीं, पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश में 13 जुलाई तक और पूर्वी राजस्थान में 9 जुलाई को अच्छी बारिश का अनुमान है.
गुरुवार सुबह हुई बारिश के बाद नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, मुनिरका और अन्य निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. सड़कों पर पानी जमा होने से वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. प्रशासन की ओर से जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि यातायात सामान्य बना रहे.
IMD के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब 2:30 बजे राजधानी का तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवाएं लगभग शांत रहीं. मौसम विभाग का मानना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी और उमस में भी कमी होगी.
अन्य राज्यों में भी जमकर बारिश
बुधवार को भी उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून सक्रिय रहा. उत्तर प्रदेश के मथुरा में रातभर हुई तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे सड़क यातायात और लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई. वहीं राजस्थान के डूंगरपुर में गरज-चमक के साथ हुई भारी बारिश ने कई बस्तियों को जलमग्न कर दिया.
पुराने शहर के घाटी, कनेरा पोल, मोची बाजार और भोईवाड़ा जैसे इलाकों में तीन फीट से अधिक पानी भरने की सूचना है. मौसम विभाग ने लोगों को भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है. विशेषज्ञों का कहना है कि सक्रिय मानसून के चलते अगले कुछ दिनों तक दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
