छतरपुर। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जिला प्रशासन ने एक अभिनव पहल करते हुए लोक सेवा गुरूकुल की शुरुआत की है। जिसका शुभारंभ छतरपुर शहर में स्थित ग्रंथालय (सेंट्रल लाइब्रेरी) में अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) अशोक वर्णवाल ने फीता काटकर किया।
इस दौरान कलेक्टर पार्थ जैसवाल, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, सीएमओ माधुरी शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अपर मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन के इस नवाचार को शिक्षा के क्षेत्र में एक अच्छी पहल एवं सार्थक प्रयास बताया। उन्होंने लाइब्रेरी का भ्रमण करते हुए बच्चों से शिक्षा के संबंध में चर्चा की एवं उन्हें कैरियर मार्गदर्शन दिया।
इस पहल के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के छात्र-छात्राओं को छतरपुर में ही निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें इंदौर, भोपाल एवं दिल्ली जैसे बड़े शहरों में जाकर महंगी कोचिंग लेने की आवश्यकता नहीं होगी।
इसी सप्ताह से कलेक्टर पार्थ जैसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नमः शिवाय अरजरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक एवं विषय विशेषज्ञ सेंट्रल लाइब्रेरी में प्रतियोगी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क मार्गदर्शन एवं कोचिंग प्रदान करेंगे।
