छतरपुर। ओरछा रोड थाना पुलिस ने रविवार देर शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम हतना और देरी के बीच स्थित एक खेत में संचालित जुए के फड़ पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से 11 जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 87 हजार रुपये की नकदी और 12 बाइक जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में दिनेश साहू (बिजावर नाका), निम्मू यादव, बाबू यादव (महोबा), चंद्रप्रकाश शुक्ला (चौबे कॉलोनी), नरेंद्र यादव (नौगांव), नीरज शर्मा (पठापुर रोड), जहीर खान (नौगांव), रामस्वरूप पटेल (सुकवां), पुष्पेंद्र अनुरागी (नौगांव), मुन्ना दुबे (पठापुर) और मयंक तिवारी (जेल रोड) शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि ओरछा रोड थाना क्षेत्र में खेत पर जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर शहर के तीनों थानों के पुलिस बल की संयुक्त टीम गठित कर छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा 14 वाहन और 87 हजार रुपये नकद जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
