छतरपुर में आबकारी विभाग ने करीब 120 करोड़ रुपए में नीलाम जिला मुख्यालय छतरपुर के एक और दो नम्बर समूह सहित 20 शराब दुकानों के दो ठेकेदारों के लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार छतरपुर शहर की शराब दुकान नम्बर 1 और नम्बर 2 के समूह की सभी 8 दुकानें, राजनगर, खजुराहो की एक- एक दुकान और बमीठा और चंद्रनगर समूह की दुकानें गंज, बसारी, टौरिया टेक सहित कुल करीब 20 शराब दुकानों की 1 जून से लाइसेंस फीस जमा नहीं की जाने पर आबकारी विभाग ने संबंधित ठेकेदारों को 23 जून को नोटिस दिया था फिर भी ठेकेदारों ने लाइसेंस फीस जमा कराने की कोई पहल नहीं की जिससे मंगलवार को उनका लाइसेंस निरस्त कर दिया गया।
इन दुकानों का संचालन छत्रसाल बेवरेज और भोले विश्वनाथ एसोसिएट कर रहीं थी। लाइसेंस निरस्त होने के बाद संबंधित शराब दुकानों को आज आधी रात के बाद आबकारी विभाग अपने कब्जे में ले लेगा और खुद संचालन करते हुए इनकी पुनः नीलामी कराएगा।
सूत्रों के अनुसार जिले में शराब कारोबार में सक्रिय नवीन पाण्डेय और प्रवीण पाण्डेय के नाम से चर्चित कारोबारी समूह की कंपनी को इस कार्रवाई से बड़ा आर्थिक झटका लगा है। बताया जा रहा है कि कंपनी की स्थिति कमजोर हुई है और कारोबार घाटे की स्थिति में पहुंच गया है।
हालांकि इस बारे में आबकारी अधिकारी ने काफी प्रयास के बाद भी कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी है।
