एमपी के ग्वालियर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दुल्हन सुहागरात के दिन ही जेवर लेकर फरार हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में एक नई नवेली दुल्हन अपनी सुहागरात सारे जेवर लेकर फरार हो गई। दुल्हन को पड़ोसियों की छत से भागते हुए कुछ लोगों ने देखा तो मामले की जानकारी सामने आई। दुल्हन के ससुराल से भागने की जानकारी मिलते ही दूल्हे ने अपने परिजनों के साथ उसकी बहुत तलाश की लेकिन वह कहीं नहीं मिली।
28 जून को हुई थी शादी
जिसके बाद दूल्हे ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। यह पूरा घटनाक्रम ग्वालियर के यूनिवर्सिटी थाना इलाके के सिंधिया नगर का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिंधिया नगर में रहने वाले जितेंद्र जोशी की शादी 28 जून को मुरैना के झुंडपुरा में रहने वाली नम्रता के साथ हुई थी। 29 जून को दुल्हन विदाई के बाद जितेंद्र के घर पहुंची।
घर वालों ने किया था जोरदार स्वागत
घर वालों ने नई नवेली दुल्हन का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद सभी लोग खाना खाकर रात को सोने चले गए। जितेंद्र भी अपनी दुल्हन नम्रता के साथ कमरे में सोने चला गया। सुबह तकरीबन 4 बजे जितेंद्र की भाभी आई और उन्होंने जितेंद्र से पूछा कि नम्रता कहां है? जितेंद्र ने कहा वह यहीं आसपास होगी। लेकिन ढूंढने पर नम्रता कहीं नहीं मिली। इसके बाद जितेंद्र समेत उसके घर वालों ने नम्रता को तलाशना शुरू कर दिया।
