छतरपुर। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हमा गांव के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार हमा गांव निवासी रामकृपाल सेन, उनके पुत्र संदीप सेन और हेमंत कुशवाहा बाइक से छतरपुर स्थित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 11:30 बजे तीनों वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान हमा गांव के पास निर्माणाधीन पुल के निकट सामने से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुल निर्माण कर रही कंपनी ने मौके पर न तो पर्याप्त बैरिकेड लगाए थे और न ही किसी प्रकार की चेतावनी व्यवस्था की थी। सड़क पर मिट्टी और निर्माण सामग्री फैली होने तथा अंधेरा होने के कारण हादसा और भी गंभीर हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने से आ रहे वाहन की तेज रोशनी के कारण बाइक सवार सड़क किनारे रुक गए थे, तभी बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो आगे जाकर मिट्टी के ढेर पर चढ़ गई।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि हादसे के बाद बोलेरो चालक ने घायल युवकों के मोबाइल फोन उठा लिए और वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
राहगीरों की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रामकृपाल सेन और उनके पुत्र संदीप सेन को मृत घोषित कर दिया। वहीं हेमंत कुशवाहा का इलाज जारी है।
सोमवार सुबह दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया गया। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश है। हमा सहित आसपास के गांवों के करीब 200 ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार बोलेरो चालक की तत्काल गिरफ्तारी, वाहन की जब्ती तथा सड़क निर्माण कंपनी के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माणाधीन सड़क पर जगह-जगह मिट्टी और गड्ढे हैं तथा सुरक्षा इंतजामों की भारी कमी है। उनका आरोप है कि इसी लापरवाही के कारण यहां आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार बोलेरो चालक की तलाश की जा रही है।
