शरद पानी का टैंकर चलाने का काम करता था. अनुषा से उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई थी. धीरे-धीरे उनके बीच प्यार पनपने लगा और दोनों लिव-इन में साथ रहने लगे. फिर एक दिन ऐसा इस प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत हुआ
बेंगलुरु के मल्लेश्वरम इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां 27 साल के युवक को अपनी 20 वर्षीय लिव-इन पार्टनर की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद ने शनिवार रात हिंसक रूप ले लिया और युवक ने युवती का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.
मृतका की पहचान अनुषा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम शरद बताया गया है. दोनों कर्नाटक के हासन जिले के सकलेशपुर के रहने वाले थे. पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिये हुई थी. दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदली और करीब छह महीने पहले दोनों बेंगलुरु के मल्लेश्वरम इलाके में किराए के मकान में साथ रहने लगे थे.
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई. झगड़ा इतना बढ़ गया कि शरद ने कथित तौर पर अनुषा का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. आरोपी शहर में पानी के टैंकर चालक के रूप में काम करता था.
इस घटना का खुलासा दो दिन बाद तब हुआ, जब शरद ने कथित तौर पर अपने वकील को पूरी घटना के बारे में बताया. वकील ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही सेशाद्रिपुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया. इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
फिलहाल पुलिस शरद से पूछताछ कर रही है. जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि हत्या के पीछे केवल आपसी विवाद था या इसके पीछे कोई और वजह भी थी. मामले की विस्तृत जांच जारी है.
