छतरपुर। बिजावर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल जटाशंकर धाम की प्रबंध समिति के चुनाव सालभर से नहीं होने का मामला अब केंद्रीय मंत्री तक पहुंच गया है। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने छतरपुर कलेक्टर पार्थ जैसवाल को पत्र लिखकर ट्रस्ट के चुनाव शीघ्र कराने में सहयोग मांगा है।
केंद्रीय मंत्री ने 15 जून 2026 को लिखे पत्र में बताया कि भाजपा जिला उपाध्यक्ष राममनोहर तिवारी ने उन्हें अवगत कराया है कि विगत वर्ष से जटाशंकर धाम ट्रस्ट प्रबंध समिति के चुनाव नहीं हुए हैं। समिति का गठन न होने से धाम की व्यवस्थाओं के संचालन में लगातार कठिनाइयां आ रही हैं।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि जटाशंकर धाम एक प्रमुख धार्मिक एवं आस्था का केंद्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए बाहर और दूर-दूर से आते हैं। खासकर सावन माह और महाशिवरात्रि पर यहां लाखों की भीड़ उमड़ती है। प्रबंध समिति न होने से दान की राशि के उपयोग, साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं को लेकर अव्यवस्था बनी हुई है।
डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि जन आस्था को ध्यान में रखते हुए जटाशंकर धाम ट्रस्ट प्रबंध समिति के चुनाव जल्द कराए जाएं ताकि धाम की व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चल सकें।
गौरतलब है कि जटाशंकर धाम बुंदेलखंड के प्रमुख शिव मंदिरों में से एक है। समिति के अभाव में स्थानीय स्तर पर मंदिर की देखरेख प्रभावित हो रही थी। केंद्रीय मंत्री के हस्तक्षेप के बाद अब जिला प्रशासन पर जल्द चुनाव प्रक्रिया शुरू करने का दबाव बन गया है।
