सोनभद्र में समा सिंह गोंड की हत्या के मामले का खुलासा हो गया है। दोस्त राजेंद्र ने पत्नी के साथ प्रेम संबंध मामले में हत्या को अंजाम दिया।
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र से पिछले दिनों दहला देने वाली घटना सामने आई थी। एक व्यक्ति को मारकर सड़क के किनारे फेंक दिया गया था। घटना को लेकर सनसनी मच गई थी। मामले में अब पुलिस ने खुलासा किया है कि दुद्धी के महुअरिया गांव निवासी युवक समा सिंह गोंड की हत्या प्रेम प्रपंच में हुई थी। प्रेमिका के पति ने समा को लिलासी बुलाया। पहले शराब पिलाई। इसके बाद चाकू और पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद चाकू से उसकी आंख भी निकालने की बात सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिला के सोनावल थाना क्षेत्र के डूमरपान गांव निवासी राजेंद्र विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है मामला?
अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार ने गुरुवार को घटना के संबंध में बताया कि मंगलवार 9 जून की सुबह महुअरिया गांव निवासी समा सिंह गोंड का खून से लथपथ शव मूरता गांव में सड़क के किनारे पड़ा मिला था। उसके चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। उसी दिन समा गोंड के भाई जय सिंह की तहरीर पर दुद्धी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
मृतक के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाकर जांच के दौरान स्थिति सामने आई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने हत्या के आरोपित छत्तीसगढ़ निवासी राजेंद्र विश्वकर्मा को चिह्नित किया। गुरुवार को बघाड़-भीसूर रोड स्थित प्रथम पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया।
मोटरसाइकिल-चाकू बरामद
आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चाकू पुलिस ने बरामद कर लिया है। एएसपी ने पूछताछ के दौरान आरोपित राजेंद्र के कबूलनामे के बारे में जानकारी दी। मामले में सामने आया है। मृतक समा और राजेंद्र दोस्त थे। समा का राजेंद्र के घर पर आना-जाना था। इसी दौरान उसकी पत्नी से उसे प्रेम संबंध बन गया। राजेंद्र ने समा को चेताया, लेकिन वह नहीं माना। राजेंद्र ने पुलिस को भी बताया है कि उसकी पत्नी का मृतक समा सिंह गोड़ के साथ अवैध संबंध था।
राजेंद्र ने कहा कि वह कई बार मृतक को अपनी पत्नी से दूर रहने के लिए मना कर चुका था। मृतक उसकी बात नहीं मानता था। इस कारण वह काफी समय से मानसिक रूप से परेशान था। 9 जून को उसने साजिश कर समा सिंह को फोन कर लिलासी बुलाया। वहां दोनों ने शराब खरीदी। मूरता गांव के खेमा नदी पुलिया के नीचे बैठकर शराब पी। इसके बाद आरोपित ने अपने पास रखे चाकू एवं मौके पर पड़े पत्थर से हमला कर समा सिंह गोड की हत्या कर दी।
