संबल कार्ड, किसान आईडी की जानकारी देकर योजनाओं से जोड़ा
गौरिहार जनपद की पलटा पंचायत में आईसेक्ट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गौरिहार द्वारा स्वास्थ्य एवं जनकल्याण जागरूकता कार्यक्रम तथा फैटी लीवर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिलाओं, किशोर-किशोरियों, और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की प्रशिक्षक जूनियर डॉक्टर भावना राजे प्रजापति ने किशोर एवं महिला स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए गांव में दीवार लेखन अभियान भी चलाया गया। इसमें स्वस्थ जीवनशैली और फैटी लीवर से बचाव संबंधी संदेश लिखे गए। कार्यक्रम के दौरान फैटी लीवर रोग के कारणों और बचाव पर विशेष चर्चा की गई।
ग्रामीणों को बताया गया कि तला-भुना भोजन, जंक फूड, मीठे पेय पदार्थों का अत्यधिक सेवन, मोटापा, मधुमेह, बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल, तनाव, और शारीरिक गतिविधियों की कमी इस बीमारी के प्रमुख कारण हैं। लोगों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, वजन नियंत्रण, नशामुक्त जीवन, और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर परिवार आईडी, केवाईसी, संबल कार्ड केवाईसी, किसान फार्मर आईडी, और ० से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार कार्ड बनवाने और अपडेट कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। ग्रामीणों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभलेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, विद्यालय परिवार, एवं साथिया कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा। समापन अवसर पर ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित व्यायाम करने का संकल्प दिलाया गया।
