टीकमगढ़। जिले के बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बनियानी में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव में अकेले रहकर जीवन व्यतीत कर रही 70 वर्षीय भगुंती बाई लोधी की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। वृद्ध महिला का खून से लथपथ शव उनके ही घर के भीतर मिलने से गांव में सनसनी फैल गई और लोगों की आंखें नम हो गईं।
बताया जा रहा है कि भगुंती बाई के परिजन टीकमगढ़ में रहते हैं, जबकि वह बनियानी स्थित अपने घर में अकेली रहती थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हत्या की वारदात सोमवार दोपहर के दौरान अंजाम दी गई। घटना की भनक किसी को नहीं लगी और महिला घंटों तक घर में मृत अवस्था में पड़ी रहीं। मंगलवार को जब परिजन गांव पहुंचे और घर के भीतर प्रवेश किया तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। भगुंती बाई का शव खून से सना पड़ा था और उनका गला धारदार हथियार से रेता गया था। यह भयावह दृश्य देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही बल्देवगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि भगुंती बाई शांत स्वभाव की महिला थीं और किसी से उनका कोई विवाद नहीं था। ऐसे में इस निर्मम हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा किया जा सकेगा। फिलहाल, बनियानी गांव में मातम पसरा है और हर कोई यही पूछ रहा है कि आखिर एक बेबस बुजुर्ग महिला का कसूर क्या था।
हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर कर भेजा गया जेल
रतिराम लोधी निवासी ग्राम बनियानी द्वारा थाना बलदेवगढ़ में सूचना दी गई कि उसकी माता भगुंती बाई लोधी अपने घर में खून से लथपथ अवस्था में पड़ी हुई हैं तथा किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर में घुसकर धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या कर दी गई है। सूचना पर थाना बलदेवगढ़ में अपराध क्रमांक 241/2026 धारा 103(1), 332 बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते व्रते हुए पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा तत्काल ब संज्ञान लेते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। उनके निर्देशन में नि अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) टीकमगढ़ श्री राहुल कटारे के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी बलदेवगढ़ उप निरीक्षक श्री चंदन शाक्य के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं गहन पूछताछ के आधार पर संदेही मुन्नीलाल उर्फ डॉक्टर पुत्र हल्लू कुशवाह, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम बनियानी कोय अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का हसिया बरामद किया गया, जिससे मृतिका की हत्या की गई थी। पुलिस द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
