भोपाल के बजरिया क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटनास्थल से मोबाइल फोन और गर्भनिरोधक गोलियों का पत्ता बरामद हुआ है।
राजधानी भोपाल के बजरिया थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्रा द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस को घटनास्थल से एक मोबाइल फोन और गर्भनिरोधक गोलियों का पत्ता मिला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार छात्रा ने इसी वर्ष 12वीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वह अपने पिता के साथ रहती थी। उसकी मां वर्ष 2017 से परिवार से अलग रह रही है। परिवार में छात्रा के अलावा एक छोटा भाई और एक बहन हैं।
दरवाजा नहीं खुला तो हुआ संदेह
घटना के समय दोनों छोटे भाई-बहन घर के बाहर खेल रहे थे। रात में लौटने पर उन्होंने बहन को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद उन्होंने अपने चाचा को सूचना दी। चाचा ने छात्रा के पिता को बुलाया।
पिता के घर पहुंचने पर दरवाजे में बने छेद से अंदर देखा गया। इसके बाद दरवाजा खोलने पर छात्रा फंदे पर लटकी मिली। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मोबाइल नहीं दिलाया इसलिए उठाया कदम
मृतका के पिता का कहना है कि उन्होंने बेटी को कभी मोबाइल फोन नहीं दिलाया था। घटनास्थल के पास मिला मोबाइल किसका है और छात्रा के पास कैसे पहुंचा, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। कमरे में गर्भनिरोधक गोलियों का पत्ता मिलने पर भी उन्होंने अनभिज्ञता जताई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस जुटी जांच में
बजरिया थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मोबाइल फोन की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
थाना प्रभारी के अनुसार मामले की जांच जारी है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
