मानसून की बारिश में सब्जियां उगाना आसान और फायदेमंद है. उद्यानिकी वैज्ञानिक डॉ. कमलेश अहिरवार के अनुसार, किसानों को 15 जून के बाद और मानसून की लगातार बारिश शुरू होने पर ही बुवाई करनी चाहिए. जानें किन सब्जियों से होगा ज्यादा मुनाफा और कैसे ‘हरी खाद’ से बढ़ाएं अपने खेत की ताकत…
अगर आप इस सीजन में सब्जियों की खेती से अच्छा मुनाफा कमाना चाहते हैं, तो यह सही समय है. जून और जुलाई का महीना सब्जियों के लिए सबसे अच्छा माना जाता है. हालांकि, सही समय पर बुवाई करना बेहद जरूरी है. छतरपुर नौगांव कृषि विज्ञान केंद्र के उद्यानिकी वैज्ञानिक डॉ. कमलेश अहिरवार ने किसानों को मानसून में सब्जी उत्पादन के लिए महत्वपूर्ण सलाह दी है.
15 जून तक करना होगा इंतजार
डॉ. कमलेश अहिरवार के अनुसार, किसानों को 15 जून तक सब्जियां लगाने से बचना चाहिए. फिलहाल तापमान 40 डिग्री से ऊपर है, जिससे फसलों को नुकसान हो सकता है. प्री-मानसून में बारिश लगातार नहीं होती, जिससे उमस और गर्मी बढ़ जाती है, इसलिए, बेहतर होगा कि किसान 15 जून के बाद ही खेती की तैयारी शुरू करें.
मानसून का आगमन और बुवाई का सही समय
मध्यप्रदेश में मानसून आमतौर पर 15 जून के आसपास दस्तक देता है. छतरपुर जिले में 25 जून तक मानसून पहुंच जाता है. डॉ. अहिरवार का सुझाव है कि जब 8 से 10 दिन तक लगातार बारिश हो जाए और तापमान में कमी आ जाए, तभी सब्जियों की बुवाई शुरू करें. मानसून का प्राकृतिक पानी फसलों के लिए वरदान की तरह काम करता है.
