मंगलवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में एक हृदयविदारक मामला सामने आया, जिसमें एक लाचार पिता अपने जवान बेटे को खोने के बाद अब सरकारी मदद के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।
ग्राम बमनौरा कला निवासी बालकिशन रैकवार ने कलेक्टर के समक्ष गुहार लगाते हुए बताया कि उनके 22 वर्षीय पुत्र आनंद रैकवार की मृत्यु 12 सितंबर 2025 को उत्तर प्रदेश के वृंदावन में सांप के काटने से हुई थी। गंभीर हालत में उसे उपचार हेतु टीकमगढ़ लाया गया था, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया और वहीं उसका पोस्टमार्टम भी संपन्न हुआ। बालकिशन का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने शासन की योजना के तहत आर्थिक सहायता हेतु सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ तहसीलदार घुवारा को आवेदन प्रस्तुत किया था। लेकिन एक वर्ष का लंबा समय बीत जाने के बावजूद अब तक सहायता राशि स्वीकृत नहीं हो सकी है। दफ्तरों के चक्कर काटते-काटते थक चुके पिता ने बताया कि लगातार मिल रहे आश्वासनों के बीच परिवार अब भारी आर्थिक तंगी से जूझ रहा है।
