उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सरवट इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव घर में मिले। एक कमरे में पत्नी और दो बच्चों के शव थे, तो वहीं पति का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। स्थानीय पुलिस के अनुसार, सरवट निवासी इरशाद (32) पेंटर का काम करता था। मंगलवार सुबह उसका परिवार सोकर नहीं उठा और न ही उनके मकान का दरवाजा खुला। इरशाद के भाई नौशाद ने जब आकर देखा तो कमरे का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे में प्रवेश किया तो इरशाद का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। वहीं, उसकी पत्नी नूरीन (28) फर्श पर मृत अवस्था में पड़ी थी। घर के दो छोटे बच्चे, दो साल का बेटा आहिल और एक माह की बेटी अक्शा भी बिस्तर पर मृत पाए गए।
