श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतर्राज्यीय बस स्टैंड पर गुरुवार को एक किसान की अचानक मौत हो गई। मृतक की पहचान खजुराहो थाना क्षेत्र के करियाबीजा गांव निवासी 60 वर्षीय गणेश कुशवाहा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गणेश कुशवाहा किसी निजी काम से छतरपुर आए थे और काम पूरा होने के बाद गुरुवार सुबह करीब 11 बजे खजुराहो जाने वाली बस से अपने गांव लौटने के लिए बस स्टैंड पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह बस के पास पहुंचे और जैसे ही चढ़ने वाले थे, अचानक चक्कर खाकर बस के बाहर ही गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत धूप से हटाकर छाया में लिटाया और पानी पिलाने व चेहरे पर पानी डालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। आसपास के लोगों ने भीषण गर्मी और संभावित हार्ट अटैक को मौत की वजह बताया।
घटना की सूचना मिलते ही अपर ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस बुलवाई गई। मृतक के मोबाइल पर आए एक फोन कॉल से उनकी पहचान हुई। फोन करने वाले व्यक्ति से बात करने पर पता चला कि वह करियाबीजा गांव के निवासी हैं। पुलिस ने तुरंत परिजनों को सूचना दी।
मृतक के दामाद रामलाल कुशवाहा ने फोन पर बताया कि गणेश कुशवाहा काम से छतरपुर आए थे और वापस गांव लौट रहे थे। बस स्टैंड के सामने स्थित एक होटल में काम करने वाले युवक आदर्श वर्मा ने मानवता दिखाते हुए उन्हें गिरता देख तुरंत छाया में लिटाया और मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। इस घटना से बस स्टैंड पर मौजूद लोगों में दुख और चिंता का माहौल है
