जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नगौवा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां चारा काटने वाली मशीन की चपेट में आने से 6 वर्षीय बच्ची की एक उंगली कट गई। बच्ची की गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल छतरपुर में सर्जरी की गई, जहां डॉक्टरों ने कटी हुई उंगली को दोबारा जोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नगौवा निवासी अनूप सिंह यादव की बेटी आराध्या यादव खेत में खेल रही थी। खेल-खेल में वह पास में रखी चारा काटने वाली कटिया मशीन के निकट पहुंच गई। अचानक मशीन का लॉक खुल गया और उसका पहिया तेजी से घूमने लगा। इसी दौरान बच्ची का हाथ मशीन में फंस गया, जिससे उसकी एक उंगली कटकर अलग हो गई।
हादसे के बाद परिजन घबराकर कटी हुई उंगली लेकर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में सर्जन डॉ. मनोज चौधरी की टीम ने तत्काल ऑपरेशन कर उंगली को जोड़ दिया। बच्ची को फिलहाल निगरानी में भर्ती रखा गया है।
डॉक्टरों के अनुसार, अगले 3 से 4 दिन बेहद महत्वपूर्ण हैं। यदि उंगली काली नहीं पड़ती है, तो उसके सफलतापूर्वक जुड़ने की अच्छी संभावना बनी रहेगी। वर्तमान में बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है।
