जनपद के बिंदकी कस्बे के मोहल्ला बाराती नगर में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया. महज पांच महीने पहले प्रेम विवाह करने वाले दंपति ने एक ही रात में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. 28 वर्षीय अमरजीत कुशवाहा और उसकी 25 वर्षीय पत्नी रेखा सोनकर किराए के कमरे में रह रहे थे.आधी रात करीब 1 बजे जब पुलिस मौके पर पहुंची तो छत पर बने बाथरूमनुमा कमरे में अमरजीत का शव मफलर से लटकता मिला. अमरजीत के शव को उतारने की प्रक्रिया चल रही थी कि अचानक उसकी पत्नी रेखा गायब मिली. अफरा-तफरी मच गई. तलाश के दौरान छत की रेलिंग पर लगे सरिये से कपड़े सुखाने की रस्सी के फंदे पर झूलती रेखा की लाश मिली. यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए.बताया जाता है कि दोनों ने पांच महीने पहले प्रेम विवाह किया था और करीब एक माह से बाराती नगर में रह रहे थे. आखिर किस तनाव, विवाद या दबाव ने इस नवविवाहित जोड़े को मौत जैसा खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर कर दिया? स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं.घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. क्या किसी बाहरी दबाव की वजह से यह कदम उठाया गया? या फिर कहानी में कोई और राज छिपा है? इन सवालों के जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे.
