17-18 फरवरी 2026 को राजस्थान के मौसम का मिजाज बदला रहेगा। आज मंगलवार को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है जिसके प्रभाव से जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में दोपहर बाद मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसका सबसे ज्यादा प्रभाव बुधवार को देखने को मिलेगा। इस दौरान कुछ भागों में मेघगर्जन और कहीं-कहीं अचानक तेज हवाएं 30-40 किमी प्रति घंटा से चलने की संभावना जताई गई है
वर्तमान में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम व अधिकतम तापमान 3 से 6 डिग्री ऊपर दर्ज किए जा रहे हैं। मावठ के असर से आगामी 2-3 दिन तापमान में 2 से 4 डिग्री गिरावट होने व तत्पश्चात पुनः बढ़ोतरी होने की संभावना है। आज मंगलवार को हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और जैसलमेर में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अजमेर, जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, भरतपुर, दौसा, कोटा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, टोंक, सवाई माधोपुर में मेघगर्जन और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
