छतरपुर के नौगांव थाना क्षेत्र में गुरुवार को बापू डिग्री कॉलेज के पास एक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में रिक्शा के नीचे दबकर तीन साल के एक बच्चे की मौत हो गई।
हादसे के बाद राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल बच्चे को नौगांव अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन बच्चे को एक निजी अस्पताल भी ले गए, लेकिन अंततः उसे फिर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सीगोंन, थाना अजनर निवासी सुक्कू कुशवाहा के तीन वर्षीय बेटे नैतिक कुशवाहा के रूप में हुई है। बताया गया है कि नैतिक अपनी मां के साथ ई-रिक्शा से नौगांव से दोरिया की ओर जा रहा था। रिक्शा में दो अन्य यात्री भी सवार थे, जिन्हें कोई चोट नहीं आई।
पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। टक्कर मारने वाली कार का चालक नौगांव स्थित बापू डिग्री कॉलेज का एक शिक्षक बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
