MP संवाद समाचार, भोपाल। आज जब देश आधुनिकता और तकनीक के युग में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, तब आज़ादी की लड़ाई की असली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाना सबसे बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। इसी उद्देश्य को लेकर भोपाल में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार कांग्रेस प्रकोष्ठ द्वारा दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के मार्गदर्शन और प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अजय सीतलानी के संयोजन में हुए इस आयोजन में प्रदेशभर से स्वतंत्रता सेनानियों के वंशज एक मंच पर जुटे और अपने पूर्वजों के संघर्ष की स्मृतियों को साझा किया।
कार्यक्रम के पहले दिन इंदिरा भवन में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और दिलीप राजपाल सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता 116 वर्षीय वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी स्वामी लेखराज सिंह चौहान ने की, जिनकी उपस्थिति स्वयं में आज़ादी के इतिहास की जीवंत झलक रही।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने महात्मा गांधी के अहिंसा, सत्य और स्वराज के विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला और कहा कि आज के दौर में भी बापू के सिद्धांत समाज को दिशा देने की शक्ति रखते हैं।
