आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी बेटी अंशु यादव (35) की रिटायर्ड दरोगा रणवीर यादव ने ही घर में गला घोंटकर हत्या कर दी। छटपटाती बेटी के मां ने पैर पकड़ लिए। बाद में शव को कार से ले जाकर इटावा में यमुना नदी में फेंक दिया। यह घटना 25 अक्तूबर की है।
प्रेमी की याचिका ने खोली पोलयुवती के प्रेमी अनुराग के कोर्ट में याचिका दाखिल करने से पूरा मामला खुल गया। पुलिस ने शव के अवशेष बरामद करने के बाद हत्या का खुलासा कर दिया। मृतका के पिता रणवीर सिंह, भाई गाैरव और मामा सतीश को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। मृतका की मां और मामी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
मेरा नाम अंशु यादव है। मैं अनुराग से प्यार करती हूं। मेरे घर वाले मान नहीं रहे हैं। मैं शादी करना चाहती हूं। परिजन मुझे मारना चाहते हैं। उसमें मेरा बड़ा भाई गाैरव, मम्मी, पापा, छोटी बहन, गांव का रामनरेश मिले हुए हैं। यह कहते हैं पहले लड़की को मत मारो, पहले लड़के को मारो, इसलिए नहीं तो वो जेल करा देगा। इसमें बुआ और फूफा भी शामिल हैं। उनका नाम मुरारीलाल और वीना है। मैं अनुराग से शादी करना चाहती हूं। 29 सेकंड के वीडियो में अंशु ने अपनी हत्या की आशंका पहले ही जता दी थी।
प्रेमी अनुराग के पास जब वीडियो पहुंचा तो वो विचलित हो गया। उसने तमाम प्रयास किए, लेकिन अंशु के पास फोन नहीं होने की वजह से संपर्क नहीं हो सका। आखिर में उसने अपने रिश्तदारों की मदद से पता कराया, तब अंशु की हत्या की जानकारी हुई। उसे पता था कि पुलिस के पास जाएगा तो फंस जाएगा इसलिए खुद ही कोर्ट में याचिका दायर कर दी। पुलिस अंशु के मरने से पहले के वीडियो को साक्ष्य के रूप में लेगी। अब यही वीडियो क़ातिल फैमिली के फांसी का फंदा बन सकता है।
