दिल्ली परिवहन निगम (DTC) को जल्द ही आईपी डिपो (IP Depot) में नया मुख्यालय मिलने जा रहा है। दिल्ली सरकार ने राजधानी की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को और मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाते हुए डीएसआईआईडीसी (DSIIDC) के साथ 12 मंजिला आधुनिक प्रशासनिक परिसर के निर्माण के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। दिल्ली परिवहन निगम (DTC) का 207 करोड़ रुपये लागत का नया मुख्यालय पुराने हो चुके कार्यालय की जगह तैयार किया जाएगा, जिसे जल्द ही ध्वस्त कर दिया जाएगा।
यह आधुनिक परिसर आईपी डिपो में बनाया जाएगा और इसमें लगभग 200 बसों तथा 200 से अधिक कारों के लिए पार्किंग सुविधा, साथ ही हरा-भरा क्षेत्र भी शामिल होगा। परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बताया कि यह नया कार्यालय दिल्ली के तेजी से विस्तार करते परिवहन नेटवर्क को मजबूत समर्थन देगा और निगम की संस्थागत क्षमता को काफी बढ़ाएगा।
दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) का प्रस्तावित नया मुख्यालय 26,016 वर्गमीटर के विस्तृत परिसर में बनाया जाएगा। वर्तमान कार्यालय डीटीसी की बढ़ती परिचालन जरूरतों को पूरा नहीं कर पा रहा है, इसलिए इसे आधुनिक सुविधा से बदलने का निर्णय लिया गया है। नए भवन में लगभग 20% भूमि को पर्यावरण-अनुकूल खुले क्षेत्र के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यालय में सौर पैनल, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP), एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP), वर्षा जल संचयन, आरओ प्लांट और अन्य टिकाऊ सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि पार्किंग क्षमता इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत होगी, जिससे शहर के सबसे व्यस्त डिपो में से एक पर बसों और वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाया जा सकेगा। डीएसआईआईडीसी (DSIIDC) डीटीसी की ओर से इस परियोजना को विकसित करेगा। इसके तहत संस्था 30 वर्षों तक परिसर के 50% वाणिज्यिक उपयोग के अधिकार अपने पास रखेगा।
