मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में पचामा स्थित परमार ढाबे के पास बीती रात हुई सड़क दुर्घटना अब एक सुनियोजित और खौफनाक हत्याकांड के रूप में सामने आई है। जिसे शुरुआत में तेज रफ्तार का हादसा माना जा रहा था, वह दरअसल आपसी विवाद के बाद कार से कुचलकर अंजाम दिया गया सनसनीखेज मर्डर निकला। वारदात में मंडी निवासी कपिल राठौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसका साथी मितेश राठौर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चश्मदीद मितेश के बयानों ने इस पूरी वारदात से पर्दा उठाया है।
साउंड बंद कराने के नाम पर गुंडागर्दी और धमकी
घायल मितेश के अनुसार, घटना की शुरुआत रविवार देर रात परमार ढाबे पर हुई: आरोपी धर्मेंद्र, ओमदीप और उनके 3-4 साथी ढाबे पर मौजूद लड़कों को बेवजह धमका रहे थे और साउंड बंद कराने के नाम पर विवाद कर रहे थे। अनमोल और मितेश ने जब उन्हें समझाने का प्रयास किया, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे और सरेआम जान से मारने की धमकी दी। उनके साथी राजा ने धमकी सुनते ही युवकों को अकेले न जाने की सलाह दी। इसके बाद कपिल ने अपने चाचा को फोन कर मौके पर बुलाया, जिन्होंने 15-20 मिनट में पहुंचने की बात कही। खतरा टलता देख जब कपिल और मितेश बाइक से घर के लिए निकले, तब आरोपियों ने साजिश के तहत उनका पीछा किया: पचामा बैंक ऑफ इंडिया के पास एक तेज रफ्तार कार ने अचानक बाइक के आगे अपनी गाड़ी अड़ा दी। हमले की भनक लगते ही युवकों ने बाइक भगाई। जैसे ही बाइक राजपूत ढाबे के पास पहुंची, पीछे से आ रही कार ने पूरी रफ्तार से बाइक को टक्कर मार दी। मितेश के अनुसार, कार की स्टीयरिंग ओमदीप के हाथ में थी और उसमें उसके साथी सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों हवा में उछलकर दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट आने के कारण कपिल ने मितेश की आंखों के सामने तड़प-तड़पकर मौके पर ही दम तोड़ दिया। आरोपी वारदात के बाद कार सहित अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए सोमवार सुबह रोते-बिलखते परिजन और स्थानीय नागरिक वार्ड 23 के पार्षद प्रतिनिधि दिलीप राठौर के नेतृत्व में कोतवाली थाने पहुंचे और जमकर हंगामा किया: परिजनों ने साफ कहा कि जब तक सभी आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। मांग पूरी न होने पर परिजनों ने कपिल का शव मंडी चौराहे पर रखकर उग्र आंदोलन और चक्काजाम करने की चेतावनी दी है मामले की गंभीरता और क्षेत्र में फैले तनाव को देखते हुए सीएसपी अभिनंदना शर्मा ने मोर्चा संभाला और परिजनों को निष्पक्ष व सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया: पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपियों के मोबाइल स्विच ऑफ आ रहे हैं। साइबर सेल की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। सीएसपी ने दावा किया है कि सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
