महाराष्ट्र: नलदुर्ग किले से महिला रेसलर ने अपने तीन बच्चों के साथ छलांग लगाई, मां और दो बच्चों की मौत
महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में स्थित नलदुर्ग किले से कूदने की वजह से महिला रेसलर और उनके दो बच्चों की मौत हो गई.
धाराशिव (महाराष्ट्र) : महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में गुरुवार दोपहर नलदुर्ग किले से 150 फीट गहरी खाई में कूदने के बाद, राष्ट्रीय स्तर की रेसलर अश्विनी मनोहर पॉल (30) और उनके तीन में से दो बच्चों की मौत हो गई.
पॉल और उनके छह साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि जुड़वां बेटियों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी ढाई साल की एक जुड़वां बेटी की चोटों की वजह से मौत हो गई. दूसरी बेटी की हालत अभी भी गंभीर है और वह अस्पताल में है. इस घटना ने नल्दुर्ग इलाके के सभी लोगों को चौंका दिया है और उसके परिवार को पूरी तरह से तोड़कर रख दिया है. इस संबंध में नलदुर्ग पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
अश्विनी राष्ट्रीय स्तर की एक जानी-मानी रेसलर थीं, जिन्होंने कई मेडल जीते थे. वह मुंबई में महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा निगम में कार्यरत थीं.
पुलिस सूत्रों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनके पति मनोहर ऑटो-रिक्शा ड्राइवर का काम करते हैं. अश्विनी ने अपने पति के कहने पर करीब पांच महीने पहले अपनी नौकरी छोड़ दी थी.
हालांकि, पिछले तीन महीनों से वह अपने तीन बच्चों के साथ अपने मायके में रह रही थीं. उनका मायका उमरगा तहसील के वंतल में है, जहां उनके पिता शिक्षक हैं. हालांकि, अश्विनी को इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर करने वाली सही वजह अभी भी साफ नहीं है. नलदुर्ग पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, लातूर जिले की निलंगा तहसील के अंबुलगा गांव की रहने वाली अश्विनी गुरुवार को अपने 6 साल के बेटे और जुड़वां बेटियों के साथ नलदुर्ग किला घूमने गई थीं
यह खतरनाक कदम उठाने से पहले उसने तीनों बच्चों को किले के बुर्ज से नीचे धकेल दिया. अश्विनी, जिनका मायके का सरनेम मोहिते था, राष्ट्रीय स्तर की एक बेहतरीन महिला रेसलर थीं. खेल की दुनिया में उन्हें ‘महाराष्ट्र की शेरनी’ के नाम से जाना जाता था.
उन्होंने 2007 में तिरुवनंतपुरम (केरल) में हुई राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया और कई पदक जीते. उन्होंने 2008 और 2009 में गुरदासपुर (पंजाब) और चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीते.
उन्होंने भोपाल, कानपुर, हरियाणा, पुणे, कन्याकुमारी और सैफई (लखनऊ) में हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन किया. अपने पूरे करियर में उन्होंने कुल पांच गोल्ड और छह सिल्वर मेडल जीते. घटना के बारे में पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि वे विस्तृत जांच कर रहे हैं.
