छतरपुर। बमीठा थाना क्षेत्र के गंज स्थित नेशनल हाईवे-39 पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि अवैध बालू से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल क्रमांक MP16MH7268 पर सवार संदीप पटेल (19) पुत्र गयाप्रसाद पटेल निवासी टपरियन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अनिल पटेल पुत्र भूमानीदीन पटेल निवासी टपरियन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को NHAI की एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बमीठा, गंज और खजुराहो क्षेत्र में अवैध बालू से भरे तेज रफ्तार डंपर और बिना नंबर के ट्रैक्टर लगातार सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासन और खनिज विभाग द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने अवैध बालू परिवहन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।