टीकमगढ़| जिले के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र के कंचनपुरा गांव के करीब एक दर्जन लोगों ने एकजुट होकर 60 वर्षीय बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी। गुरुवार की सुबह को बुजुर्ग का शव खेत में बने घर के पास पड़ा मिला। हमले में बुजुर्ग की पत्नी पुत्र और नाती गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक की पहचान घनश्याम उर्फ घनसू प्रजापति (60 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर मोहनगढ़ थाना पुलिस भी पहुंची और मौके का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि, देर रात को गांव के ही कुछ लोग एकजुट होकर घनसू प्रजापति के घर पहुंचे और पुरानी बुराई पर लाठी, डंडे तथा कुल्हाड़ी से सोते समय परिवार पर हमला कर दिया। पुलिस इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका मानकर जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि, घनसू प्रजापति ने कुछ समय पहले 181 सीएम हेल्पलाइन पर गांव के एक झोलाछाप डॉक्टर और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल लोगों का इलाज जारी है। उनके बयान दर्ज होने के बाद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। पुलिस का कहना है कि हत्या में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें जुटी हुई हैं। शुरुआती जांच में मृतक द्वारा की गई शिकायत को घटना की एक वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
