उत्तर प्रदेश में 4 साल बाद आखिरकार यूपीटीईटी 2026 परीक्षा शुरू हो गई है. थ्री लेवल सिक्योरिटी के बीच पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. जानिए पेपर का लेवल कैसा रहा, अभ्यर्थियों ने किस विषय को कठिन बताया और क्यों बंपर शिक्षक भर्ती की मांग उठ रही है.
एआई कैमरों की निगरानी में हुई यूपीटीईटी परीक्षा
यूपीटीईटी 2026 लाइव: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की तरफ से पहली बार आयोजित की जा रही यूपीटीईटी परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई है. आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार पहले दिन के हाईलाइट्स:
- भारी उपस्थिति और एआई निगरानी: 2 से 4 जुलाई तक चलने वाली इस परीक्षा के पहले दिन करीब 87 से 88 फीसदी अभ्यर्थी शामिल हुए. परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के लिए एआई (AI) युक्त कैमरे लगाए गए हैं, जिनका कंट्रोल प्रयागराज मुख्यालय से हो रहा है.
- फर्जीवाड़े पर रोक: परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और डेटा एनालिसिस का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे किसी दूसरे की जगह पर परीक्षा देने वाले (सॉल्वर) पकड़े जा सकें.
ललितपुर में परीक्षा केंद्रों के बाहर से हटाए गए परिजन
यूपीटीईटी 2026 लाइव: ललितपुर में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा. परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त रखा गया. इस दौरान मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने केंद्रों के सामने जमा हुए अभ्यर्थियों के परिजनों को तय दूरी पर जाने के निर्देश दिए और भीड़ को वहां से हटा दिया. इसके साथ ही, सड़कों पर जाम की स्थिति न बने और ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहे, इसके लिए सड़क किनारे खड़े वाहन भी हटवाए गए.
जांच के बाद महिला अभ्यर्थी को मिली एंट्री
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 लाइव: हाथरस के बागला डिग्री कॉलेज परीक्षा केंद्र पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक महिला अभ्यर्थी स्नेहलता के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) और सरकारी पहचान पत्र (आधार कार्ड) में गड़बड़ी पाई गई. डिटेल्स मिसमैच होने के कारण सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया, जिससे वह काफी देर तक परेशान रहीं. हालांकि, करीब 20 मिनट तक चली जांच-पड़ताल और वेरिफिकेशन के बाद उन्हें परीक्षा केंद्र के अंदर जाने की अनुमति दे दी गई.
बेरोजगारी दूर करने के लिए विज्ञापन का इंतजार
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 लाइव: यूपीटीईटी परीक्षा देकर निकले युवाओं ने सिर्फ रिजल्ट ही नहीं, बल्कि अपने भविष्य को लेकर भी सरकार के सामने अपनी बात रखी. अभ्यर्थियों का मानना है कि पेपर आसान होने की वजह से इस बार कटऑफ (मेरिट) काफी हाई जाने वाली है. ऐसे में उन्होंने योगी सरकार से पुरजोर मांग की है कि टीईटी का रिजल्ट आते ही उत्तर प्रदेश के बेसिक स्कूलों में खाली पड़े शिक्षकों के हजारों पदों पर नई भर्ती का विज्ञापन तुरंत जारी किया जाए, जिससे बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिल सके.
लीक न हो पेपर और जल्द आए रिजल्ट
यूपीटीईटी 2026 लाइव: परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने सरकार से सबसे बड़ी मांग पेपर लीक को रोकने की की है. उनका कहना है कि पेपर लीक होने से उनकी सालों की मेहनत और पानी की तरह बहाया पैसा एक झटके में बर्बाद हो जाता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस तरह पूरी पारदर्शिता के साथ त्रिस्तरीय सुरक्षा में परीक्षा कराई गई है, उसी ईमानदारी से सरकार बिना किसी देरी के जल्द से जल्द नतीजे भी घोषित करेगी.
आसान था पेपर लेकिन घूम गए सवाल
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 लाइव: प्रयागराज के हिंदू महिला इंटर कॉलेज केंद्र से बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्न पत्र वैसे तो आसान था, लेकिन सवालों को सीधे पूछने के बजाय काफी घुमावदार तरीके से पेश किया गया था. इस वजह से उन्हें उत्तर चुनने में थोड़ी माथापच्ची करनी पड़ी. कुछ परीक्षार्थियों को संस्कृत और अंग्रेजी के सवालों ने थोड़ा छकाया तो कुछ के लिए सामान्य ज्ञान (GK) का सेक्शन कठिन रहा. हालांकि, अच्छी तैयारी करने वाले अभ्यर्थी अपनी सफलता को लेकर पूरी तरह आश्वस्त दिखे.
19 लाख अभ्यर्थियों का महाकुंभ
यूपीटीईटी 2026 लाइव: यूपीटीईटी 2026 में कुल 19,94,661 अभ्यर्थी बैठ रहे हैं, जिनमें 17.67 लाख यूपी के और करीब 2.27 लाख दूसरे राज्यों के हैं. इसमें प्राइमरी और अपर प्राइमरी स्तर के अलग-अलग आवेदकों के अलावा 3.95 लाख से ज्यादा ऐसे अभ्यर्थी हैं, जो दोनों पेपर दे रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बेसिक स्कूलों में पहले से पढ़ा रहे 1.85 लाख से अधिक कार्यरत शिक्षक भी अपनी नौकरी पक्की करने के लिए इस बार परीक्षा में शामिल हो रहे हैं.
अभेद्य सुरक्षा के लिए ‘ट्रिपल लेयर’ और खुफिया एजेंसियां अलर्ट
यूपीटीईटी 2026 लाइव: यूपीटीईटी परीक्षा को निष्पक्ष कराने के लिए योगी सरकार ने इस बार अभेद्य किला तैयार किया है. पूरे प्रदेश में एसटीएफ, लोकल इंटेलिजेंस और लोकल पुलिस की टीमें मुस्तैद हैं. सेंटर्स की सुरक्षा ऐसी है कि बिना कड़क जांच के परिंदा भी पर नहीं मार सकता. लखनऊ से लेकर अयोध्या तक चप्पे-चप्पे पर मजिस्ट्रेट तैनात हैं. हर सेंटर पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए सीधे कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे किसी भी अप्रिय या संदिग्ध गतिविधि को तुरंत दबोचा जा सके.
साथ लेकर जाएं 3 पासपोर्ट फोटोग्राफ
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 लाइव: डॉक्यूमेंट्स की लिस्ट में एक और महत्वपूर्ण निर्देश तस्वीरों को लेकर है. हर परीक्षार्थी को अपने साथ पासपोर्ट साइज के 3 नए फोटोग्राफ लेकर एग्जाम सेंटर पर पहुंचना होगा. इन फोटोज की जरूरत परीक्षा के दौरान उपस्थिति पत्रक (अटेंडेंस शीट) और अन्य जरूरी दस्तावेजों पर चिपकाने के लिए पड़ सकती है. बेहतर होगा कि आप वही तस्वीरें लाएं जो आपने फॉर्म भरते समय अपलोड की थीं.
साथ लाएं ओरिजिनल वैलिड फोटो आईडी प्रूफ
यूपीटीईटी 2026 लाइव: यूपीटीईटी एडमिट कार्ड के साथ-साथ अपनी पहचान साबित करने के लिए सरकारी फोटो पहचान पत्र (ID Proof) भी दिखाना होगा. आप आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या वोटर आईडी कार्ड ले जा सकते हैं. ध्यान रहे कि आईडी प्रूफ बिल्कुल असली यानी ओरिजिनल होना चाहिए, उसकी फोटोकॉपी मान्य नहीं होगी. पहचान पत्र पर नाम और डिटेल्स एडमिट कार्ड से मैच होनी चाहिए.
