टीकमगढ़/निवाड़ी। कभी प्रेम की कसमें खाने वाला पति ही अपनी पत्नी का हत्यारा बन जाएगा, यह शायद मुस्कान गुप्ता ने भी नहीं सोचा होगा। निवाड़ी जिले की ओरछा थाना पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए महिला की हत्या के मामले में उसके पति और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पति ने चरित्र संदेह के चलते अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जामनी नदी में फेंक दिया।
ओरछा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि 20 अप्रैल को जामनी नदी में एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मृतका की पहचान मुस्कान गुप्ता पत्नी जितेन्द्र कुशवाहा के रूप में हुई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहन पड़ताल शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुस्कान ने करीब दो वर्ष पूर्व जितेन्द्र कुशवाहा के साथ प्रेम विवाह किया था। हालांकि, मुस्कान की मित्रता जितेन्द्र के कुछ दोस्तों से भी थी, जिसे लेकर पति के मन में संदेह पैदा हो गया। इसी चारित्रिक संदेह ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाही में बदल दिया।
पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल को झांसी स्थित किराए के मकान में जितेन्द्र कुशवाहा ने अपने दोस्त रूपेश कुशवाहा एवं अन्य साथियों के साथ मिलकर मुस्कान के पेट में धारदार चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी। घटना को छिपाने और किसी को मुस्कान के बारे में जानकारी न लगने देने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव को ओरछा स्थित जामनी नदी के पुल से नीचे फेंक दिया।
इस अंधे कत्ल का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उप पुलिस महानिरीक्षक, छतरपुर द्वारा 20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी। पुलिस ने आरोपी जितेन्द्र कुशवाहा एवं रूपेश कुशवाहा निवासी झांसी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
एक प्रेम कहानी का इस तरह खौफनाक अंत समाज के लिए भी गंभीर सवाल छोड़ गया है कि जब रिश्तों में विश्वास टूटता है, तो उसका परिणाम कितना भयावह हो सकता है।
