किसानों से धोखाधड़ी की आशंका पर बड़ी कार्रवाई
टीकमगढ़। खरीफ सीजन से पहले किसानों को कथित रूप से नकली अथवा भ्रामक तरीके से तैयार किए जा रहे बीजों की बिक्री की आशंका पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने कुंडेश्वर स्थित बालाजी वेयरहाउस पर छापामार कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में सोयाबीन बीज और खाली बोरियां जब्त की हैं।
जानकारी के अनुसार उप संचालक कृषि मनोज कश्यप के नेतृत्व में विभागीय टीम ने बालाजी वेयरहाउस में आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां सोयाबीन बीज को अलग-अलग ब्रांड की बोरियों में पैक किए जाने की गतिविधियां सामने आईं। प्रारंभिक जांच में अनियमितता की आशंका के चलते टीम ने मौके से लगभग 40 क्विंटल गईं, जिनका उपयोग बीज पैकिंग में किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
विभागीय अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है तथा जब्त सामग्री के नमूने परीक्षण के लिए भेजने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि किसानों को गुणवत्तायुक्त और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। यदि कोई व्यक्ति या संस्था नियमों के विपरीत बीजों की पैकिंग, भंडारण अथवा विक्रय करते हुए पाई जाती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के निर्देश पर जिले में बीज, खाद एवं कृषि आदानों की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की ठगी या नुकसान का सामना न करना पड़े। इस कार्रवाई के बाद कृषि क्षेत्र से जुड़े व्यापारियों और भंडारण केंद्रों में भी हड़कंप की स्थिति देखी गई। वहीं किसानों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे मामलों पर सख्ती से अंकुश लगना आवश्यक है, ताकि अन्नदाता को गुणवत्ताहीन या संदिग्ध बीजों से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।
