महोबा | पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में बरामद गांजे का विनष्टीकरण किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह की मौजूदगी में पुलिस लाइन महोबा में सम्पन्न हुई।
महोबा में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह की उपस्थिति में पुलिस लाइन महोबा स्थित इंसीनरेटर मशीन के माध्यम से विभिन्न थानों में दर्ज कुल 12 मुकदमों से संबंधित मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया गया।
इस दौरान कुल 71.567 किलोग्राम गांजा को नियमानुसार तौल कर नष्ट किया गया। पूरी प्रक्रिया मादक पदार्थ विनष्टीकरण कमेटी की निगरानी में पारदर्शी और विधिक प्रक्रिया के तहत सम्पन्न कराई गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्यवाही के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, अभियोजन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। महोबा पुलिस की इस कार्रवाई को नशा मुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है
