मुरैना के बावड़ी गांव में चूल्हे पर गर्म हो रहा दूध ढाई वर्षीय दिव्यांश पर गिर गया। गंभीर रूप से झुलसे मासूम की ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मुरैना। चूल्हे पर गर्म हो रहा दूध का बर्तन पलट कर पास में बैठे ढाई साल के मासूम पर जा गिरा। खौलते हुए दूध से बालक बुरी तरह से झुलस गया। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल में लाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। दिल दहला देने वाली यह घटना सोमवार शाम को देवगढ़ थाना क्षेत्र के बावड़ी गांव में घटित हुई है।
जानकारी के अनुसार कुम्हेरी गांव निवासी मनीष शाक्य का ढाई साल का बेटा दिव्यांश कुछ समय से अपनी नानी के घर बावड़ी गांव में रह रहा था। दिव्यांश के माता-पिता कुम्हेरी गांव में थे। सोमवार की रात दिव्यांश दूध लेने के लिए किचन में चला गया, वहां चूल्हे पर दूध गर्म हो रहा था। दूध गर्म कर रही महिला से किसी कारण बर्तन लुढ़क गया और खौलता हुआ दूध दिव्यांश के ऊपर जा गिरा।
गर्म दूध गिरने के कारण सिर से लेकर पैर तक दिव्यांश बुरी तरह झुलस गया। दिव्यांश के झुलसते ही घर में अफर-तफरी मच गई। तत्काल उसे परिजन पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां गंभीर हालत को देखते हुए उसे मुरैना जिला अस्पताल भेजा गया।
इलाज के दौरान मौत
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दिव्यांश की हालत को नाजुक देखते हुए उसे ग्वालियर रेफर किया गया। परिजन इलाज के लिए दिव्यांश को तत्काल ग्वालियर लेकर पहुंचे। जहां ग्वालियर के अस्पताल में देर रात दिव्यांश ने दम तोड़ दिया। देवगढ़ पुलिस ने मर्ग का प्रकरण दर्ज किया है।
