ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. बजरंग कॉलोनी में एक बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता के साथ मारपीट कर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया. बेटे के डर से बुजुर्ग पूरी रात मोहल्ले में छिपे रहे. बाद में डायल-112 की मदद से थाने पहुंचकर उन्होंने अपने बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई
ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र स्थित बजरंग कॉलोनी (प्यारे सिंह का पुरा) में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पारिवारिक रिश्तों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां एक कलयुगी बेटे ने अपने बुजुर्ग पिता के साथ बेरहमी से मारपीट की और उन्हें घर से बाहर निकाल दिया. जिस मकान को पिता ने अपनी जिंदगीभर की कमाई से बनाया था, उसी घर से उन्हें बेइज्जत कर धक्के देकर निकाल दिया गया.
जानकारी के अनुसार, पीड़ित अतर सिंह धानुक ने पुलिस को बताया कि रविवार रात करीब 11:30 बजे वह अपने घर पर मौजूद थे. इसी दौरान उनका बेटा रवि धानुक वहां पहुंचा और बिना किसी वजह के गाली-गलौज करने लगा. जब अतर सिंह ने बेटे के इस व्यवहार का विरोध किया, तो रवि ने उनसे कहा कि इस घर में उनका कोई हक नहीं है और उन्हें तुरंत वहां से चले जाना चाहिए.
बेटे ने बुजुर्ग पिता को पीटकर घर से निकाला
बुजुर्ग पिता ने बेटे को समझाने का प्रयास किया. उन्होंने कहा कि उनके पास बेटे के अलावा कोई दूसरा सहारा नहीं है और इस मकान को बनाने में उनकी पूरी जिंदगी की कमाई लगी है. लेकिन पिता की यह बात सुनकर रवि और अधिक गुस्से में आ गया. आरोप है कि उसने पास में पड़ी लाठी उठाई और अपने पिता पर हमला कर दिया. लाठी-डंडों से की गई पिटाई में बुजुर्ग को चोटें आईं.मारपीट के बाद आरोपी बेटे ने अपने पिता को घर से बाहर निकाल दिया. बेटे के खौफ से डरे अतर सिंह पूरी रात मोहल्ले में ही एक कोने में छिपे रहे। उनके पास घर लौटने की हिम्मत नहीं थी. रातभर भय और असुरक्षा के माहौल में समय बिताने के बाद उन्होंने मदद के लिए डायल-112 पर कॉल किया.
