इंदौर स्थित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में मंगलवार को 78वें नव आरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण सत्र (2025-26) के प्रशिक्षण पूर्ण होने पर दीक्षांत परेड समारोह का आयोजन किया गया। समारोह मध्यप्रदेश पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
15 जून 2025 से प्रारंभ हुए इस प्रशिक्षण सत्र में लगभग एक वर्ष के कठोर प्रशिक्षण के बाद 984 नव आरक्षक प्रशिक्षुओं ने शानदार परेड प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। अनुशासन, आत्मविश्वास और उत्साह से भरपूर परेड ने उपस्थित जनों का मन मोह लिया।
इस बैच की विशेष उपलब्धि यह रही कि इसमें 788 महिला प्रशिक्षुओं ने भी सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। समारोह के दौरान प्रशिक्षण की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) रवि कुमार गुप्ता, पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
देशसेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के संकल्प के साथ नव आरक्षकों ने मध्यप्रदेश पुलिस बल में शामिल होकर अपनी नई जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए तत्परता दिखाई।