शिवपुरी के मोहनी ख्यावदा गांव में यूट्यूबर रचना गुर्जर के घर में अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने कमरे में सो रहे दंपती को बाहर से दरवाजा लगाकर कैद किया और आराम से नकदी-जेवर समेटकर फरार हो गए।
ग्वालियर। शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र स्थित मोहनी ख्यावदा गांव में एक यूट्यूबर के घर हुई सनसनीखेज चोरी ने ग्रामीणों को हैरान कर दिया। शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात अज्ञात बदमाशों ने घर की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए लाखों रुपये के जेवर, नकदी और यहां तक कि सॉफ्ट ड्रिंक की पेटी तक पार कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तार फेंसिंग काटकर घुसे चोर
जानकारी के अनुसार यूट्यूबर रचना गुर्जर और उनके पति उधम सिंह गुर्जर रात में अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब 1:49 बजे तीन अज्ञात चोर मकान की लगभग आठ फीट ऊंची बाउंड्री पर लगी तार फेंसिंग काटकर परिसर में घुस आए। बदमाशों ने सबसे पहले उस कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी, जिसमें दंपती सो रहा था, ताकि चोरी के दौरान कोई बाधा न पहुंचे।
इसके बाद चोरों ने करीब एक घंटे तक पूरे घर को खंगाला। अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब तीन तोले का सोने का मंगलसूत्र, चार सोने की अंगूठियां, चांदी की करधनी और 1.91 लाख रुपये नकद समेट लिए। हैरानी की बात यह रही कि जाते-जाते बदमाश लगभग आठ हजार रुपये कीमत की रेडबुल सॉफ्ट ड्रिंक की पेटी भी अपने साथ ले गए।
दरवाजा नहीं खुला, तब हुआ शक
वारदात का खुलासा सुबह करीब चार बजे हुआ, जब रचना पानी पीने के लिए उठीं और कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की। दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने पति को जगाया। बाद में उधम सिंह ने अपने बड़े भाई को बुलाया, जिसके बाद कमरे की कुंडी खुलवाई गई और चोरी का पता चला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
कैमरों का रुख बदला, फिर भी बच नहीं सके चोर
बदमाश चोरी से पहले घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का एंगल ऊपर की ओर मोड़ गए, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। सभी आरोपी चेहरे पर नकाब लगाए हुए थे। हालांकि उनकी यह चाल पूरी तरह सफल नहीं हो सकी और कुछ फुटेज में तीन संदिग्धों की गतिविधियां कैद हो गईं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर मुख्य द्वार से प्रवेश करने के बजाय साइड की दीवार के रास्ते अंदर आए और घर में रखी नसैनी का इस्तेमाल कर अंदर-बाहर हुए। वारदात को अंजाम देने का उनका तरीका देखकर आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों को घर की बनावट और गतिविधियों की पहले से जानकारी थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
