रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलाई हैं, जिसमें 27 लोग मारे गए हैं। इस घटना के बाद से पीओके में तनाव बढ़ गया है।
पीओके में प्रदर्शन की अगुवाई करने वाली जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) ने आरोप लगाया है कि सुरक्षा बलों ने रावलकोट में एक अंतिम संस्कार में जमा हुए लोगों पर फायरिंग की। हिंसा की घटना ऐसे समय में हुई है, जब पाकिस्तान ने कब्जे वाले गिलगित बाल्टिस्तान में 7 जून को चुनाव कराए हैं।
जॉइंट अवामी ऐक्शन कमेटी के अनुसार, शाहजेब हबीब नाम के प्रदर्शनकारी को शुक्रवार को पाकिस्तानी रेंजर्स ने मार दिया था। ऐक्शन कमेटी के नेताओं का कहना है कि रावलकोट के कंबाइंट मिलिट्री हॉस्पिटल के बाहर शाहजेब की अंतिम संस्कार की प्रार्थना के लिए लोग जुटे थे। इसमें अवामी ऐक्शन कमेटी के नेता भी शामिल थे। इस दौरान लोग पाकिस्तानी सेना और पाकिस्तान की सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे, तभी सुरक्षाबलों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
