मध्यप्रदेश में दवा की गुणवत्ता एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में है। जबलपुर में पैरासिटामोल सिरप के सैंपल जांच में फेल पाए गए हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत एक्शन लेते हुए इसके एक बैच पर पूर्ण रूप से रोक लगा दी है।
दरअसल, यहां सरकारी अस्पतालों में बैच नंबर 41507 नंबर की पैरासिटामोल दवा (Paracetamol Syrup) की सप्लाई की गई थी। लेकिन सैंपल फेल होने के बाद इस बैच के सिरप के यूज पर तुरंत रोक लगा दी गई है। हालांकि अब सवाल ये है कि स्वास्थ्य विभाग इतनी देर में क्यों जागा?
सीएमएचओ ने जारी किए निर्देश
जबलपुर के इस मामले की जानकारी मिलते ही जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी(CMHO) ने सभी सरकारी अस्पतालों जहां पैरासिटामोल का यह बैच पहुंचा को निर्देश जारी करते हुए इस बैच के उपयोग पर तुरंत रोक लगाने और उपलब्ध स्टॉक को अलग रखने को कहा है। साथ ही संबंधित दवा की जांच रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि आखिर सिरप का उपयोग किया गया है या नहीं?
