जिले के लवकुशनगर थाना अंतर्गत ग्राम पठा में एक परिवार पर लगातार हमले और पुलिस की निष्क्रियता का मामला सामने आया है। प्रार्थी मुन्ना अहिरवार ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि 3 अप्रैल को उनके पुत्र विजय अहिरवार का गांव के ही मोहित श्रीवास और अंकित श्रीवास से विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के बावजूद चौकी पठा में कोई कार्रवाई नहीं की गई।
आरोप है कि 12 अप्रैल को आरोपी फिर से अपने साथियों के साथ कार और मोटरसाइकिलों से पहुंचे, जिनके पास डंडे और एक व्यक्ति के पास बंदूक भी थी। उन्होंने प्रार्थी की बहन शांति अहिरवार के साथ मारपीट की और घर में मौजूद विजय व अजय को बाहर निकालकर जान से मारने की धमकी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ आरोपियों को पकड़ा, लेकिन बाद में बिना कार्रवाई के छोड़ दिया गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की और उल्टा समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। आरोपियों द्वारा लगातार धमकी दिए जाने से परिवार दहशत में है और किसी बड़ी घटना की आशंका जता रहा है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है
