शहर के ट्रांसपोर्ट नगर में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक बॉडी मेकर का काम करने वाले मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान गंजू रैकवार (35) निवासी कटरा महोला, हनुमान मंदिर, महोबा रोड के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मजदूर को किसी अज्ञात वाहन ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह जब ट्रांसपोर्ट नगर में लोग पहुंचे तो सड़क किनारे एक शव पड़ा देखा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और मृतक की पहचान गंजू रैकवार के रूप में की। इसके बाद परिजनों को सूचना देकर घटनास्थल पर बुलाया गया।
परिजनों के मुताबिक, गंजू रैकवार ट्रक बॉडी मेकर का काम करता था। परिवार के गौरेलाल रैकवार ने बताया कि मृतक की पत्नी अस्वस्थ थी, जिसके चलते वह अपनी दोनों बेटियों को लेकर मायके गई हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि यह हादसा देर रात हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, हादसा बेहद भयावह था और मृतक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में मिला। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है।
यह घटना ओरछा रोड थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
